श्रीनगर। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की नेता इल्तिजा मुफ्ती ने जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के हालिया बयानों पर कड़ा पलटवार किया है। जम्मू रैली में उमर अब्दुल्ला द्वारा दिए गए बयानों को तथ्यात्मक रूप से पूरी तरह गलत करार देते हुए इल्तिजा ने जेकेएसएसबी भर्ती परीक्षाओं में हुई धांधली और शेषनाग में चल रहे निर्माण कार्यों को लेकर सरकार को कटघरे में खड़ा किया।
इल्तिजा मुफ्ती ने मुख्यमंत्री के उस बयान पर हैरानी जताई, जिसमें उन्होंने अभ्यर्थियों से जम्मू-कश्मीर सेवा चयन बोर्ड (जेकेएसएसबी) को ''''क्लीन चिट'''' देने की बात कही थी। इल्तिजा ने याद दिलाया कि पिछले हफ्ते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर 15 नवंबर को हुए एफएए पेपर लीक रैकेट का भंडाफोड़ किया था। इस मामले में टेलीग्राम, वायरलेस डिवाइस, माइक्रोचिप्स, नकदी और गाड़ियों की बरामदगी के साथ-साथ 6 सरकारी कर्मचारियों की संलिप्तता भी सामने आई है।
उन्होंने सवाल उठाया कि 2019 के बाद से सिविल इंजीनियर, जल शक्ति, फायर इमरजेंसी और सब-इंस्पेक्टर (जेकेपीएसआई) जैसी तमाम भर्तियों में लगातार धांधली के पुख्ता सबूत होने के बावजूद सरकार बोर्ड को क्लीन चिट क्यों दिलवाना चाहती है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जम्मू में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस लाठीचार्ज कर रही है और उनके नेता विंकल शर्मा को अवैध रूप से जिला जेल में बंद रखा गया है, जबकि मुख्यमंत्री का काफिला प्रदर्शनकारियों के पास से गुजरने के बावजूद नहीं रुका।
शेषनाग में चल रही खुदाई और निर्माण कार्यों पर उमर अब्दुल्ला के बयान की आलोचना करते हुए इल्तिजा ने कहा कि यह एक गंभीर पर्यावरणीय मुद्दा है, जिसे सरकार खुद सांप्रदायिक और राजनीतिक रंग दे रही है। उन्होंने कहा कि पहली बार तार्किक सोच रखने वाले हिंदू और मुस्लिम दोनों समुदाय इस मुद्दे पर एक साथ खड़े हैं।
इल्तिजा ने डॉ. कर्ण सिंह के बयान का हवाला देते हुए कहा कि उन्होंने भी अमरनाथ गुफा के नाजुक ग्लेशियल इकोसिस्टम को बचाने के लिए किसी भी तरह के निर्माण पर रोक लगाने की मांग की है। उन्होंने सरकार पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनवरी 2026 में उमर अब्दुल्ला की कैबिनेट ने ही सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के साथ एमओयू साइन किया था, जिसके तहत आज शेषनाग में भारी जेसीबी मशीनों से खुदाई हो रही है।
उन्होंने कहा कि पर्यावरण कार्यकर्ताओं और श्रीनगर में जागरूकता मैराथन आयोजित करने वाले युवाओं को पुलिस के जरिए परेशान और गिरफ्तार किया जा रहा है। वन एवं पर्यावरण मंत्री ने गलत जगह की तस्वीर साझा की और अपने बयान में ''''एक्स्केवेशन'''' की जगह ''''इवैक्यूएशन'''' लिखकर मामले की गंभीरता का मजाक उड़ाया।
इल्तिजा मुफ्ती ने सवाल किया कि अगर शेषनाग में कुछ गलत नहीं हो रहा है, तो महबूबा मुफ्ती को वहां जाने से क्यों रोका गया? उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि वे सरकार के मंत्रियों, विपक्षी नेताओं और पर्यावरण कार्यकर्ताओं का एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल शेषनाग भेजें ताकि जमीनी हकीकत सबके सामने आ सके।