शोपियां में नदी की दूसरी ओर फंसे लोगों और भेड़ों को निकालते पुलिसकर्मी।
- फोटो : shopian news
शोपियां। कश्मीर घाटी में सुबह से हो रही लगातार बारिश के कारण कई इलाकों में जलभराव हो गया है। शोपियां में नदी में आई बाढ़ में फंसे दो युवकों और 30 भेड़ों को पुलिस ने सुरक्षित निकाला।
दक्षिण कश्मीर के शोपियां के बर्थीपोरा, बटमारन और वाम्पोरा मतिपोरा गांवों में भारी बारिश की खबर है। बर्थीपोरा में नदी में जलस्तर बढ़ने से बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई। इसमें दो युवक और 30 से ज्यादा भेड़ें नदी के बीच में फंस गईं। पीड़ितों ने वहां से निकलने की कई बार कोशिश की लेकिन पानी के तेज बहाव और बढ़ते जलस्तर के कारण वे सुरक्षित जगह पर नहीं पहुंच पाए।
सूचना मिलते ही बर्थीपोरा पुलिस चौकी की एक टीम, जिसका नेतृत्व इंचार्ज असगर अली कर रहे थे, तुरंत मौके पर पहुंची और फौरन बचाव अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम ने फंसे हुए दोनों युवकों को सफलतापूर्वक बचा लिया और बाढ़ग्रस्त नदी से भेड़ों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।