श्रीनगर। बडगाम के डिप्टी कमिश्नर अथर आमिर खान ने वीरवार को जिले में स्कूली बच्चों के लिए आंखों की सेहत का एक बड़ा कार्यक्रम शुरू किया। इसे जिला प्रशासन ने नयोनिका आई केयर चैरिटेबल ट्रस्ट और हेल्प फाउंडेशन जम्मू-कश्मीर के साथ मिलकर शुरू किया है। इसका मकसद सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों की आंखों से जुड़ी समस्याओं का जल्दी पता लगाना और समय पर इलाज करना है।
इस पहल के तहत जिले के 917 स्कूलों में पढ़ने वाले लगभग 1.67 लाख छात्रों की आंखों की व्यापक जांच की जाएगी। प्रोग्राम के तहत, स्कूल लेवल पर ''''स्नेलन आई चार्ट टेस्ट'''' के जरिए छात्रों की आंखों की शुरुआती जांच की जाएगी। जिन बच्चों को चश्मे की जरूरत होगी, उन्हें मुफ्त चश्मे दिए जाएंगे और जिन्हें सर्जरी या किसी खास इलाज की जरूरत होगी, उनके लिए जीएमसी और आंखों के इलाज वाले बड़े अस्पतालों में सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।