श्रीनगर। नॉर्दर्न आर्मी कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने वीरवार को दक्षिण कश्मीर में सुरक्षा हालात और सेना की ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने सेना को ऑपरेशनल दबदबा बनाए रखने के लिए हमेशा सतर्क और मिशन के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया। सेना की नॉर्दर्न कमांड ने वीरवार को एक्स पर एक पोस्ट में कहा, लेफ्टिनेंट जनरल प्रतीक शर्मा ने दक्षिण कश्मीर का दौरा किया और वहां तैनात सैनिकों की सुरक्षा स्थिति और ऑपरेशनल तैयारियों का जायजा लिया। उन्हें सुरक्षा से जुड़े बदलते हालात, ऑपरेशनल चुनौतियों और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदमों के बारे में जानकारी दी गई।
पोस्ट में कहा गया है कि बातचीत का मुख्य फोकस सर्विलांस, इंटेलिजेंस और ऑपरेशनल अवेयरनेस को बेहतर बनाने के लिए टेक्नोलॉजी को शामिल करने पर था ताकि उभरते खतरों का तुरंत और निर्णायक जवाब दिया जा सके।
सैनिकों के साथ बातचीत के दौरान आर्मी कमांडर ने उनके प्रोफेशनलिज्म, ऊंचे हौसले और अटूट जज्बे की तारीफ की। उन्होंने सैनिकों से कहा कि वे ऑपरेशनल दबदबा बनाए रखने के लिए हमेशा सतर्क, हालात के मुताबिक ढलने वाले और मिशन के लिए तैयार रहें।