श्रीनगर। बडगाम के सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल बीरवाह में बुधवार से लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेवाओं की शुरुआत हो गई। अस्पताल में दो मरीजों की सफलतापूर्वक लैप्रोस्कोपिक कोलेसिस्टेक्टॉमी यानी पित्ताशय की सर्जरी की गई।
अधिकारियों ने बताया कि अस्पताल की सर्जिकल और एनेस्थीसिया टीमों ने इन दोनों ऑपरेशनों को शुरुआती मामलों के तौर पर सफलतापूर्वक पूरा किया। इसमें एसडीएच बीरवाह में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी सेवाओं की औपचारिक शुरुआत हुई।
सर्जिकल टीम में डॉ. इंतिखाब आलम, डॉ. इरशाद लोन, मेडिकल ऑफिसर सर्जन, शोकेट गुल, इम्तियाज रेशी और नीलोफर जान शामिल रहे। वहीं, एनेस्थीसिया टीम का नेतृत्व कंसल्टेंट एनेस्थीसिया डॉ. आरिफ वकील ने किया जबकि डॉ. गुल मोहम्मद और शमीम आगा ने सहयोग किया।
अस्पताल में लैप्रोस्कोपिक सर्जरी की सुविधा शुरू होने से क्षेत्र के मरीजों को अब कम चीरे वाली आधुनिक सर्जरी की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिल सकेगी। इससे उन्हें ऐसे उपचार के लिए दूर स्थित बड़े अस्पतालों और टर्शियरी केयर सेंटरों का रुख करने की आवश्यकता कम होगी।
इस सेवा की शुरुआत से अस्पताल में उपलब्ध सर्जिकल प्रक्रियाओं का दायरा भी बढ़ा है और स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराने की क्षमता मजबूत हुई है। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, यह उपलब्धि सर्जिकल, एनेस्थीसिया, नर्सिंग, तकनीकी और अन्य स्वास्थ्य कर्मचारियों के समन्वित प्रयासों से संभव हुई है।