बारामुला। उत्तर कश्मीर के बारामुला जिले के उड़ी क्षेत्र के बांदी गांव में तार में फंसे एक तेंदुए को वन्यजीव विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। अधिकारियों के अनुसार स्थानीय लोगों ने तेंदुए को तार में फंसा देखा और तुरंत वन्यजीव विभाग को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन्यजीव विभाग, पुलिस, वन सुरक्षा बल और सेना की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद टीम ने तेंदुए को सुरक्षित रूप से तार से बाहर निकाल लिया।
वन्यजीव विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि तार में फंसने के कारण तेंदुआ घायल हो गया था और उसकी तबीयत भी ठीक नहीं लग रही थी। उन्होंने कहा कि तेंदुए को चिकित्सकीय जांच के लिए विभाग की निगरानी में रखा गया है। उसकी स्वास्थ्य स्थिति का आकलन करने के बाद उसे किसी उपयुक्त वन्यजीव अभयारण्य में छोड़े जाने का फैसला लिया जाएगा।