श्रीनगर। भारी बारिश और खराब मौसम के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित होने से कश्मीर घाटी में फंसे यात्रियों को राहत देने के लिए उत्तर रेलवे, जम्मू मंडल ने शुक्रवार को विशेष ट्रेनें चलाईं। दोपहर 1:45 बजे संगदान से विशेष ट्रेन चली। यह बनिहाल और अनंतनाग में ठहराव करते हुए शाम 4:40 बजे श्रीनगर पहुंची। वापसी में यही ट्रेन शाम 5:00 बजे श्रीनगर से चली। बनिहाल रुकते हुए रात्रि 8:15 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंची। इसके साथ ही ट्रेन संख्या 74620 को संगलदान से बढ़ाकर श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक चलाया गया है।
इन विशेष ट्रेनों से 1500 से अधिक यात्रियों ने यात्रा की। इन ट्रेनों के चलने से यात्रियों को सुरक्षित और जल्दी यात्रा की सुविधा मिली। सड़क बंद होने की स्थिति में रेलवे यात्रियों के लिए एक भरोसेमंद विकल्प बना और यात्री समय पर अपने गंतव्य तक पहुंच सके। इससे पहले भी 23 जुलाई को श्रीनगर से श्री माता वैष्णोदेवी कटरा तक विशेष ट्रेन का संचालन किया गया था।