अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। चिनैनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक बलवंत सिंह मनकोटिया ने जम्मू-कश्मीर विधानसभा के अध्यक्ष (स्पीकर) को पत्र लिखकर केंद्र शासित प्रदेश के मुख्य सचिव के खिलाफ विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव लाने की अनुमति मांगी है। विधायक ने मुख्य सचिव पर बैठक के दौरान उनके साथ अपमानजनक और अशिष्ट व्यवहार करने का गंभीर आरोप लगाया है।
विधायक मनकोटिया की ओर से 17 जुलाई को जारी इस पत्र के अनुसार वह श्रीनगर स्थित मुख्य सचिव के कार्यालय में जम्मू संभाग के राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की मांगों को लेकर एक पत्र सौंपने गए थे। इस मुलाकात का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि समायोजन और पदोन्नति के मामलों में जम्मू संभाग के कर्मचारियों के साथ कोई भेदभाव न हो।
मनकोटिया ने शिकायत की है कि इस बैठक के दौरान मुख्य सचिव का रवैया उनके प्रति बेहद अपमानजनक और अमर्यादित था। विधायक का कहना है कि मुख्य सचिव के इस कथित व्यवहार से एक विधानसभा सदस्य की गरिमा और सम्मान को ठेस पहुंची है।
पत्र में स्पष्ट किया गया है कि एक सरकारी अधिकारी का ऐसा आचरण सीधे तौर पर एक विधायक के विशेषाधिकारों का उल्लंघन है और यह इस सम्मानित सदन की गरिमा को भी कम करता है।
विधायक ने विधानसभा अध्यक्ष से इस विशेषाधिकार हनन प्रस्ताव को स्वीकार करने और नियमों के तहत मुख्य सचिव के खिलाफ उचित कानूनी व प्रशासनिक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।