संवाद न्यूज एजेंसी
अनंतनाग। श्री अमरनाथ यात्रा की व्यापक सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों के तहत एसएसपी अनंतनाग अमोद अशोक नागपुरे ने बुधवार को यात्रा ड्यूटी पर तैनात सभी जोनल अधिकारियों और सेक्टर अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता की। बैठक में यात्रा मार्ग और अन्य नामित स्थानों पर जिम्मेदारियों से जुड़े अधिकारियों के बीच निर्बाध समन्वय सुनिश्चित करने और ऑपरेशनल प्लान की समीक्षा पर फोकस रहा।
एसएसपी अनंतनाग ने अधिकारियों को उनकी भूमिकाओं और जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निरंतर सतर्कता, पेशेवर रवैये और मानक संचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के पालन की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को सभी हितधारकों के साथ तालमेल बनाए रखने, अपने-अपने क्षेत्राधिकार में प्रभावी पर्यवेक्षण सुनिश्चित करने और किसी भी स्थिति से तुरंत निपटने के लिए तैयार रहने का निर्देश दिया।
सक्रिय पुलिसिंग, कुशल संचार, भीड़ प्रबंधन और मजबूत सुरक्षा ग्रिड बनाए रखते हुए तीर्थ यात्रियों को हर संभव सहायता प्रदान करने पर विशेष जोर दिया गया। एसएसपी ने अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने, नियमित फील्ड निरीक्षण करने और किसी भी घटनाक्रम की समय पर रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक का समापन श्री अमरनाथ यात्रा के सुचारु संचालन के लिए समन्वित योजना और समर्पित फील्ड तैनाती के माध्यम से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की अनंतनाग पुलिस की प्रतिबद्धता की पुष्टि के साथ हुआ।