श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के अतिरिक्त महासचिव और सांसद चौधरी मोहम्मद रमजान ने शुक्रवार को कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व में लोगों की सरकार बनने के बाद जम्मू-कश्मीर में डर और अनिश्चितता का माहौल खत्म हो गया है। लोगों को सरकारी संस्थान फिर से आसानी से उपलब्ध हो रहे हैं।
पार्टी मुख्यालय में अलग-अलग इलाकों के पार्टी नेताओं, विधायकों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से बातचीत करते हुए चौधरी मोहम्मद रमज़ान ने कहा कि जम्मू-कश्मीर का राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए सभी को एकजुट होना चाहिए। इसे बहाल करना किसी का अहसान नहीं, बल्कि जम्मू-कश्मीर के लोगों का सांविधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार है।
चौधरी मोहम्मद रमज़ान ने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने सांविधानिक गारंटी और राज्य का दर्जा बहाल करने के समर्थन में संसद के मॉनसून सत्र के पहले दिन नई दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की योजना बनाई है। इस कार्यक्रम में सांसद, विधायक और पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।