बांदीपोरा। स्किल डेवलपमेंट जम्मू-कश्मीर के निदेशक डॉ. ओवैस अहमद ने वीरवार को सरकारी आईटीआई और पॉलिटेक्निक कॉलेज बांदीपोरा का दौरा किया। उन्होंने संस्थानों के कामकाज, बुनियादी ढांचे, मशीनरी, उपकरणों और ट्रेनिंग सुविधाओं का जायजा लिया।
डॉ. ओवैस ने दौरे के दौरान विभिन्न वर्कशॉप, प्रयोगशालाओं और ट्रेनिंग सेक्शन का निरीक्षण किया। उन्होंने स्किल बेस्ड एजुकेशन के लिए जरूरी आधुनिक उपकरणों और संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा की।
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. ओवैस ने कहा कि विभाग आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), इलेक्ट्रिक व्हीकल (ईवी), सौर ऊर्जा और अन्य भविष्य के ट्रेड्स के हिसाब से पाठ्यक्रम अपडेट करने पर विचार कर रहा है। उन्होंने कहा हम मूल्यांकन कर रहे हैं कि क्या जरूरी बुनियादी ढांचा उपलब्ध है ताकि ये कोर्स जल्द से जल्द शुरू किए जा सकें।
निदेशक ने बताया कि आगामी मिशन स्किल पहल के तहत विभाग का लक्ष्य जम्मू-कश्मीर के पॉलिटेक्निक और आईटीआई को आधुनिक मशीनरी, अपग्रेडेड सुविधाओं और इंडस्ट्री-रिलेवेंट ट्रेनिंग के साथ नया रूप देना है। उन्होंने कहा, हमारा मकसद यह सुनिश्चित करना है कि इन संस्थानों में ट्रेनिंग लेने वाले छात्रों को ऐसे हुनर मिलें जो उन्हें रोजगार के सार्थक अवसर दिला सकें। यह दौरा विभाग की व्यावसायिक और तकनीकी शिक्षा को मजबूत करने और आधुनिक, मांग-आधारित कौशल विकास कार्यक्रमों के जरिए युवाओं को उभरते जॉब मार्केट के लिए तैयार करने की चल रही कोशिशों का हिस्सा है।