श्रीनगर। युवा सेवा एवं खेल विभाग जम्मू-कश्मीर ने बुधवार को डल झील के बीच स्थित मशहूर चार चिनारी द्वीप पर एक बड़ा योग कार्यक्रम का आयोजन किया। इस भव्य सत्र की अगुवाई विभाग की महानिदेशक (डीजी) अनुराधा गुप्ता ने की। कार्यक्रम में श्रीनगर जिले के अलग-अलग स्कूलों के सैकड़ों बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम में बच्चों के साथ विभाग के अधिकारी और फील्ड स्टाफ ने भी एक साथ योगासन किए। चार चिनारी की खूबसूरत वादियों में सभी ने मिलकर योग कर सेहत का संदेश दिया। इस मौके पर महानिदेशक अनुराधा ने कहा कि योग से हमारा शरीर और दिमाग दोनों मजबूत होते हैं। उन्होंने बच्चों से कहा कि छोटी उम्र से ही खेल-कूद और योग को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा आज की तेज जिंदगी में योग ही हमारी सेहत और हिम्मत की सबसे बड़ी ढाल है।
उन्होंने कहा कि योग मन और शरीर को जोड़ता है। चार चिनारी जैसी जगह पर यह सत्र कराने का उद्देश्य बच्चों को फिटनेस और कश्मीर की खूबसूरती से जोड़ना है। कार्यक्रम में जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी गुलाम हसन लोन, जिले के सभी जोनल फिजिकल एजुकेशन अफसर, विभाग के अधिकारी और पीटी टीचर मौजूद रहे।