पुलवामा। जिला पुलिस लाइन के सम्मेलन हॉल में दो दिवसीय जिला स्तरीय सम्मेलन सोमवार को संपन्न हो गया। यह सम्मेलन डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन 2025-26 की सिफारिशों को लागू करने के लिए आयोजित किया गया था। एसएसपी ने सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस मौके पर एसडीपीओ, डीवाईएसपी एसओजी, एसएचओ, पुलिस चौकी प्रभारी और पुलिस जिला अवंतिपोरा के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
कार्यक्रम में वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिसिंग के अहम क्षेत्रों पर कई विषयगत सत्र लिए। बीट पुलिसिंग, अपराध रोकथाम, जांच, खुफिया जानकारी जुटाने और जन शिकायत निवारण तंत्र पर विस्तार से चर्चा हुई। इस मौके पर सम्मेलन में मौजूदा तौर तरीकों की समीक्षा की गई। फील्ड अनुभव साझा किए गए और डीजीपी-आईजीपी सम्मेलन की सिफारिशों को प्रभावी ढंग से लागू करने की रणनीति पर बात हुई। पुलिस ने पेशेवर मानकों को मजबूत करने, जांच क्षमताओं को बढ़ाने और जन-केंद्रित पुलिसिंग को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस का कहना है कि ऐसे क्षमता निर्माण कार्यक्रमों से पुलिसिंग और जन सेवा में सुधार होगा।