श्रीनगर। नेकां के श्रीनगर के सांसद आगा रूहुल्ला मेहदी ने शुक्रवार को एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार को शराब नीति पर घेरा। उन्होंने एक बयान में कहा कि शराब के खिलाफ साफ जन भावना पहले से मौजूद है। हमें कमेटी क्यों बनानी चाहिए, हमें कैबिनेट में बैठकर फैसला लेना है। कमेटी की जरूरत सिर्फ लोगाें की राय जानने के लिए होती है लेकिन यहां लोगों ने आपको वोट देते समय ही अपनी राय बता दी है कि शराब जुर्म है। अब, आपको शर्म आनी चाहिए।
रूहुल्ला ने कहा, भाजपा भी आपसे कहती है कि शराब जुर्म है। उनसे यह सुनना मजाक है लेकिन आपने उन्हें बोलने का मौका दिया। मुझे यह मजाक समझ नहीं आ रहा है। जम्मू और कश्मीर सरकार ने बुधवार को ऐलान किया था कि वह केंद्र शासित प्रदेश में शराब की बिक्री और इस्तेमाल पर बैन लगाने के प्रपोजल की जांच के लिए एक कमेटी बनाएगी।