श्रीनगर। नेशनल कॉन्फ्रेंस के महासचिव और खानयार से विधायक अली मोहम्मद सागर ने आश्वासन दिया कि वह बुलेवार्ड रोड के प्रस्तावित फोर-लेनिंग परियोजना और गौसिया अस्पताल के विस्तार कार्य को फिर से शुरू करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों और सरकार के समक्ष मामले को मजबूती से उठाएंगे।
उन्होंने यह आश्वासन खानयार विधानसभा क्षेत्र के ब्राने और बाबा डेम्ब इलाकों के दौरे के दौरान दिया। यहां स्थानीय निवासियों ने उन्हें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं और लंबित विकास कार्यों से अवगत कराया।
सागर ने कहा कि बुलेवार्ड रोड की फोर-लेनिंग परियोजना क्षेत्र में बेहतर संपर्क व्यवस्था और यातायात दबाव को कम करने के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस रुके हुए प्रोजेक्ट को दोबारा शुरू कराने के लिए संबंधित विभागों से बात की जाएगी। उन्होंने गौसिया अस्पताल के विस्तार की मांग को भी सरकार के समक्ष प्रभावी ढंग से उठाने का आश्वासन दिया, ताकि क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा सुविधाओं को और बेहतर बनाया जा सके।
विधायक ने निशात और ब्राने क्षेत्रों में खेल मैदानों की स्थापना की मांग को भी सरकार के सामने रखने की बात कही। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए खेल सुविधाओं और मनोरंजन स्थलों का विकास समय की आवश्यकता है। इसके अलावा सागर ने खानयार विधानसभा क्षेत्र में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने की भी बात कही। संवाद