श्रीनगर। डल झील के किनारे शेर ए कश्मीर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में सोमवार को तीन दिवसीय युवा उत्सव आरोहण का शुभारंभ हुआ। इसका उद्घाटन उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने किया। उद्घाटन समारोह में जम्मू के अक्षय डोगरा और उनके दल ने आरंभ है प्रचंड से कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद राजोरी से आई गिरिजा गुप्ता ने नशा मुक्ति से जुड़े उड़ान कार्यक्रम का प्रजेंटेशन दिया। स्क्रीन पर आंकड़ों के आधार पर नशे की समस्या की भयावहता को दिखाया और इसके समाधान के लिए उड़ान योजना के बारे में बताया।
मंच पर ही महाराष्ट्र से आई मदुरई मालपानी ने पीपीटी प्रेजेंटेशन के जरिए युवाओं को नशे से दूर रहने, स्वास्थ्य और शरीर पर ध्यान देने व खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। पहले सत्र के समापन पर उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने तीनों कलाकारों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। दूसरे सत्र में महाराष्ट्र, असम और अन्य राज्यों से आए युवा प्रतिभागियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का समापन बुधवार को होगा।
उद्घाटन समारोह में युवा सेवा एवं खेल मंत्री सतीश शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव विद्युत विकास विभाग अश्विनी कुमार, आयुक्त सचिव (सरकार) युवा सेवा एवं खेल डॉ. शाहिद इकबाल चौधरी, उपायुक्त अक्षय लाबरू, एसएसपी डॉ. जीवी संदीप चक्रवर्ती, महानिदेशक युवा सेवा एवं खेल अनुराधा गुप्ता, देश के विभिन्न हिस्सों से आए युवा नेता, वरिष्ठ अधिकारी, देशभर से आए 300 से अधिक प्रतिभागी और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा इस अवसर पर उपस्थित थे।
किसी की मदद कर सकूं तो खुद को सफल समझूंगी
कार्यक्रम के बाद राजोरी की गिरिजा गुप्ता ने बताया उपराज्यपाल की नशा मुक्ति की मुहिम को देखते हुए उन्होंने अपनी इस प्रेजेंटेशन को तैयार किया। वह चाहती हैं कि वह इस अभियान का हिस्सा बने और जम्मू कश्मीर की नशा मुक्ति में अपना योगदान दें। नशा मुक्ति में किसी की मदद कर सकूं तो खुद को सफल समझूंगी। आज जब उपराज्यपाल खुद सामने थे तो उनको उनके सामने अपनी योजना का प्रजेंटेशन देकर बेहद खुशी हुई। उम्मीद है कि अपनी इस प्रेजेंटेशन पर काम कर सकूंगी और कुछ लोगों को नशा मुक्ति से बाहर निकलने में मदद कर सकूंगी। मंच से आरंभ है प्रचंड का प्रदर्शन करने वाले अक्षय डोगरा ने बताया कि वह और उनका ग्रुप एक प्रोफेशनल डांस ग्रुप है, जो कार्यक्रमों में प्रस्तुति देता है। आज के कार्यक्रम के लिए उन्होंने विशेष तैयारी की थी और यहां उपराज्यपाल के सामने प्रस्तुति देकर और दर्शकों का जोश देखकर उन्हें भी काफी खुशी हुई।