फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Srinagar News: कश्मीर घाटी में हाड़ कंपाने वाली ठंड जारी, शोपियां माइनस 4.1 डिग्री के साथ सबसे ठंडा

विज्ञापन
श्रीनगर में डल किनारे कबूतरों को दाना डालता युवक।  - फोटो : srinagar news
विज्ञापन
श्रीनगर। कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का प्रकोप लगातार जारी है। रविवार को भी घाटी के अधिकांश मैदानी और पहाड़ी इलाकों में रात का तापमान जमाव बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। इससे सुबह और शाम के समय गलन व ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, दक्षिण कश्मीर का शोपियां जिला माइनस 4.1 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ पूरी घाटी में सबसे ठंडा स्थान रहा। इसके बाद पुलवामा में न्यूनतम तापमान माइनस 3.8 डिग्री और प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पहलगाम में माइनस 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में भी रात का पारा माइनस 2.0 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा।
विज्ञापन

मौसम विभाग के पिछले साल के रिकॉर्ड से तुलना करें तो नवंबर के आखिरी दिनों में इस बार रात का तापमान पिछले वर्ष की तुलना में करीब एक से साढ़े तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक बना हुआ है। पिछले साल 29 नवंबर 2025 को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान माइनस 3.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। जबकि एक दिन पहले 28 नवंबर 2025 को यह माइनस 4.5 डिग्री तक लुढ़क गया था जो इस साल आज दर्ज किए गए माइनस 2.0 डिग्री के मुकाबले काफी कम था। इसी तरह पिछले साल 29 नवंबर को पहलगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री, कुपवाड़ा में माइनस 4.9 डिग्री, काजीगुंड में माइनस 3.4 डिग्री, कोकरनाग में माइनस 1.6 डिग्री और गुलमर्ग में माइनस 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। इसके विपरीत इस साल 29 नवंबर को पहलगाम में माइनस 3.4 डिग्री, काजीगुंड में माइनस 2.0 डिग्री, कुपवाड़ा में माइनस 1.4 डिग्री, कोकरनाग में माइनस 0.3 डिग्री और गुलमर्ग में 0.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया है। शुष्क मौसम के बीच तापमान के व्युत्क्रमण के कारण ऊंचाई पर स्थित गुलमर्ग मैदानी इलाकों की तुलना में अपेक्षाकृत कम ठंडा रहा।

घाटी के अन्य जिलों में शून्य से नीचे रहा पारा
रविवार को मध्य और दक्षिण कश्मीर के कई अन्य स्टेशनों पर भी भीषण सर्दी दर्ज की गई। बडगाम में न्यूनतम तापमान माइनस 3.1 डिग्री जबकि श्रीनगर एयरपोर्ट और पांपोर के कोनिबल में माइनस 3.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा अवंतीपोरा में माइनस 2.8 डिग्री, अनंतनाग में माइनस 2.4 डिग्री, सोनमर्ग में माइनस 2.1 डिग्री, घाटी के प्रवेशद्वार काजीगुंड में माइनस 2.0 डिग्री, बांदीपोरा में माइनस 1.5 डिग्री, कुपवाड़ा में माइनस 1.4 डिग्री, गांदरबल में माइनस 0.7 डिग्री, बारामुला में माइनस 0.6 डिग्री और कोकरनाग में माइनस 0.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। पूरी घाटी में केवल कुलगाम ही ऐसा स्टेशन रहा जहां न्यूनतम तापमान शून्य से ऊपर 0.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
विज्ञापन


लद्दाख में भीषण ठंड, जम्मू के पहाड़ी इलाकों में भी गिरा पारा
दूसरी ओर केंद्र शासित प्रदेश लद्दाख भी भीषण शीतलहर की चपेट में है, जहां लेह में न्यूनतम तापमान माइनस 7.8 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे जलस्रोत जमने लगे हैं। जम्मू संभाग के मैदानी इलाकों में रात का तापमान सामान्य के आसपास है, लेकिन पहाड़ी जिलों में ठंड ने जोर पकड़ लिया है। जम्मू संभाग में बनिहाल 2.4 डिग्री और भद्रवाह 2.6 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ सबसे ठंडे स्थान रहे, जबकि राजोरी में पारा 4.2 डिग्री, बटोत में 6.0 डिग्री, किश्तवाड़ में 6.4 डिग्री, पुंछ में 7.1 डिग्री, रामबन में 7.9 डिग्री, सांबा में 8.0 डिग्री, उधमपुर में 8.4 डिग्री और रियासी में 9.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री, जम्मू एयरपोर्ट पर 12.4 डिग्री तथा कटरा और कठुआ में 11.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।


4 दिसंबर से बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान, यातायात एडवाइजरी जारी
मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार 3 दिसंबर तक जम्मू-कश्मीर में मौसम मुख्यतः शुष्क और ठंडा बना रहेगा, हालांकि 3 दिसंबर को आसमान में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं। इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम के मिजाज में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। पूर्वानुमान के मुताबिक 4 से 6 दिसंबर और फिर 7 से 8 दिसंबर के दौरान जम्मू-कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। इस अवधि में मैदानी इलाकों के छिटपुट से लेकर कई स्थानों पर हल्की बारिश तथा ऊंचाई वाले पहाड़ी इलाकों व प्रमुख दर्रों पर हल्की से मध्यम बर्फबारी होने की संभावना है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने यात्रियों और ट्रांसपोर्टरों के लिए एडवाइजरी जारी करते हुए कहा है कि 4 से 8 दिसंबर के बीच ऊंचाई वाले इलाकों और प्रमुख पहाड़ी सड़कों पर बर्फबारी से यातायात प्रभावित हो सकता है, इसलिए लोग मौसम की स्थिति को ध्यान में रखकर ही अपनी यात्रा की योजना बनाएं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें