केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस, श्रम एवं रोजगार राज्य मंत्री रामेश्वर तेली ने कहा कि केंद्र सरकार जम्मू और कश्मीर के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने शुक्रवार को बडगाम जिले के ओमपोरा में सिडको इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स स्थित 100 बिस्तरों वाले कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) के निर्माणाधीन अस्पताल का निरीक्षण किया।
मंत्री ने कहा कि अस्पताल रोगी देखभाल सुविधाओं को पूरा करेगा और आधुनिक मशीनरी से लैस होगा। यहां चिकित्सा और पैरा-मेडिकल कर्मचारियों की पर्याप्त तैनाती होगी। उन्होंने कहा कि ईएसआईसी दुनिया की सबसे अच्छी बहुआयामी सामाजिक सुरक्षा योजनाओं में से एक है। मंत्री ने संबंधित एजेंसी को निर्धारित समय सीमा से पहले अस्पताल का निर्माण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया और कहा कि इस अस्पताल के पूरा होने से देश में ईएसआईसी कार्यात्मक अस्पतालों की संख्या 8 मेडिकल कॉलेजों के साथ 161 हो जाएगी।
मंत्री को अवगत कराया गया कि अस्पताल का निर्माण 159 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसमें ओपीडी, आईपीडी, ऑपरेशन थियेटर, दंत चिकित्सा, प्रसूति, आईसीयू वार्ड, नैदानिक प्रयोगशालाएं, मनोरोग विभाग और सभी अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं सहित आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं होंगी।
मंत्री ने श्रम विभाग को यूटी में सभी मौजूदा कारखानों और अन्य व्यावसायिक इकाइयों में सभी श्रमिकों का मूल्यांकन और पंजीकरण करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन (पीएमएसवाईएम) पेंशन योजना के तहत लाभार्थियों के पंजीकरण पर भी जोर दिया। इस दौरान क्षेत्रीय निदेशक ईएसआईसी एके शर्मा, बोर्ड के सदस्य एसपी तिवारी, सीई सीपीडब्ल्यूडी रामपाल, श्रम आयुक्त जम्मू-कश्मीर एआर वार, निदेशक रोजगार निसार अहमद, एसएसपी ताहिर सलीम, एडीसी बडगाम डॉ. नासिर अहमद, जीएम डीआईसी मोहम्मद अशरफ, डीडी रोजगार मुश्ताक अहमद और एएलसी जमीर अहमद भी मौजूद रहे।