जम्मू-कश्मीर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष विकार रसूल ने कहा कि भाजपा जम्मू कश्मीर में लोकतंत्र का गला घोंट रही है। विकार रसूल ने कहा कि यह हमारी बदकिस्मती है कि यहां चुनावी प्रक्रिया बार-बार स्थगित हो रही है, जबकि बाकी राज्यों में समय पर चुनाव हो रहे हैं। ये कहीं न कहीं भाजपा की साजिश है। उन्होंने कहा कि इन्होंने यूटी भी इसलिए बनाया ताकि यहां चुनाव न करवाने पड़े।
विकार रसूल ने कहा कि यह बड़े अफसोस की बात है कि भाजपा जम्मू कश्मीर में जम्हूरियत का गला घोंट रही है। हम चाहते हैं चुनाव हों और हम उसके लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि हमारा वर्कर जो सोया हुआ था वो भी पार्टी को मजबूत करने के लिए जाग चुका है। हम चाहते हैं कि जल्दी चुनाव हों और हम उसमें भाग लेने के लिए तैयार हैं। एक सवाल के जवाब में विकार रसूल ने कहा कि आरएसएस पर प्रतिबंध लगना चाहिए। उनका पिछला रिकॉर्ड खंगालना चाहिए। उन्होंने कहा कि आजकल मोहन भागवत मस्जिदों में जा रहे हैं जो ढोंग है और हम चाहते हैं सरकार को दोनों तरफ बराबर चलने की जरूरत है।
प्रदेश कांग्रेस की रणनीति को लेकर रसूल ने कहा कि कांग्रेस जम्मू कश्मीर के लिए हमेशा सही साबित हुई है। कांग्रेस ने ही यहां 370 दिया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने हमेशा यहां के लोगों की भलाई के लिए काम किए हैं। अभी जो लोगों के मुद्दे हैं उन्हें सुलझाने की जरूरत है। बेरोजगारी दर 32 प्रतिशत है, महंगाई बढ़ रही है, कैजुअल लेबर और कांट्रेक्च्युअल लेबर की लंबित मांगें हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जो पार्टी में बुजुर्ग बचें हैं, उन्हें पूरी इज्जत मिलेगी, लेकिन 90 निर्वाचन क्षेत्रों में 80 प्रतिशत नौजवान सामने लाए जाएंगे।