श्रीनगर। नौगाम मुठभेड़ के बाद सुरक्षाबलों पर पथराव में शामिल 15 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इसके अलावा कई अन्य से पूछताछ की जा रही है। सुरक्षाबलों की मनाही के बाद भीड़ के रूप में ये लोग मुठभेड़ स्थल के आसपास जमा हो गए थे और सुरक्षाबलों पर पथराव किया। बुधवार को हुई इस मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए थे।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि नौगाम में मुठभेेड़ के बाद मानक प्रक्रिया के तहत मलबा साफ होने तक लोगों को घटनास्थल से दूर रहने के लिए कहा गया था। इसके लिए वहां एक बोर्ड भी लगाया था, ताकि नागरिकों को वहां पड़े अज्ञात विस्फोटकों से बचाया जा सके। बावजूद इसके शंकरपोरा वानाबल के आसपास इलाकों से एक बड़ी अनियंत्रित भीड़ हाथों में लाठियां और पत्थर लेकर वहां इकट्ठा हो गई और सुरक्षाबलों पर पथराव कर दिया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए एसओपी के अनुसार आंसू गैस के गोले दागकर स्थिति पर काबू पाया गया। पुलिस ने नौगाम थाने में मामला दर्ज कर वीडियो फुटेज और तकनीकी निगरानी (सर्विलांस) से पथराव में शामिल लोगों की पहचान करनी शुरू की। इसके बाद 15 लोगों को गिरफ्तार किया गया। ---------------
नौगाम में मारे गए थे तीन आतंकी
बता दें कि बुधवार को श्रीनगर के बाहरी इलाके नौगाम में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-ताइबा के तीन आतंकियों को मार गिराया था। मारे गए तीनों दहशतगर्द नौ मार्च को खोनमुह में हुई सरपंच समीर भट की हत्या में शामिल थे। इस मुठभेड़ के बाद ही भीड़ ने सुरक्षाबलों पर पथराव किया था।