श्रीनगर। उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले में सेना ने संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहे एक बांग्लादेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है। उड़ी पुलिस समेत अन्य सुरक्षा एजेंसियां उससे पूछताछ कर रही हैं। पता लगाया जा रहा है कि यह व्यक्ति उड़ी जैसे इलाके में किस मकसद से आया था। सेना के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी को 22 फरवरी की रात को सुल्तान ढक्की इलाके से पकड़ा गया था। उसकी पहचान रबियल इस्लाम पुत्र मोहम्मद समीउल्ला निवासी बांग्लादेश के रूप में हुई है, जो वर्तमान में पश्चिम बंगाल के भगवान जाला (कोलकाता) में रह रहा है। इसके खिलाफ उड़ी थाने में केस दर्ज किया गया है।