अनंतनाग। जिले के हसनपोरा इलाके में आतंकियों ने एक ठेकेदार की कार पर फायरिंग की। हमले में कार सवार एक बच्चा घायल हो गया। हालांकि, ठेकेदार बाल-बाल बच गया। कार के शीशे टूटे हैं। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके में तलाशी अभियान चलाया।
पुलिस ने बताया कि आरवानी निवासी ठेकेदार बिलाल अहमद अपने बेटे मारूफ अहमद के साथ घर लौट रहा था। हसनपोरा के पास आतंकियों ने उसकी कार पर फायरिंग की। फायरिंग में कार के शीशे टूट गए जिससे मारूफ घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उसे छोड़ दिया गया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है।