जम्मू। किसान विरोधी बिल को वापस लेन की मांग को लेकर जेएंडके किसान तहरीक ने श्रीनगर में प्रदर्शन किया। उन्होंने चेतावनी दी कि बिल वापस नहीं लिया गया तो उग्र आंदोलन शुरू किया जाएगा। संगठन के महासचिव गुलाब नबी मलिक ने कहा कि भाजपा सरकार किसान विरोधी नीतियां अपना रही है। इससे किसान गरीब हो जाएगा। उसको फसल के दाम भी कम मिलेंगे। इसे तुरंत वापस लिया जाए।
प्रदर्शन में संयुक्त किसान मोर्चा के सदस्यों ने भी भाग लिया और तीनों कृषि कानूनों पर विरोध जताया। मलिक ने कहा कि किसान बासमती, केसर की पैदावार करते हैं। कम दाम मिलने से उन्हें नुकसान होगा। किसानों का बीमा भी अभी तक नहीं हो पाया है। सिर्फ कागजों में ही योजनाएं चल रही हैं। कश्मीर के अलावा कुलगाम, शोपियां, बडगाम, कठुआ और जम्मू में प्रदर्शन किए गए। सीटू के बैनर तले भी प्रदर्शन हुए और काले बिल को वापस लेने की मांग की गई।