प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान को लिखे गए पत्र को पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने सही दिशा में उठाया गया कदम करार दिया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इससे बातचीत और सामंजस्य की प्रक्रिया को बढ़ावा मिलेगा।
महबूबा ने बुधवार को ट्विटर पर लिखा, पीएम मोदी अपने पाकिस्तानी समकक्ष के साथ सही दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने कहा था कि आप मित्र बदल सकते हैं परंतु पड़ोसी नहीं। मुझे आशा है कि यह संवाद की प्रक्रिया जम्मू-कश्मीर को शांति के रास्ते पर ले जाएगी। कश्मीर के जख्मों को भरने की जरूरत है।
बता दें, मोदी ने मंगलवार को पाकिस्तान दिवस के अवसर पर पड़ोसी देश के लोगों को शुभकामनाएं देने के लिए अपने समकक्ष इमरान खान को पत्र लिखा था। मोदी ने लिखा था कि एक पड़ोसी देश के रूप में भारत, पाकिस्तान के लोगों के साथ सौहार्दपूर्ण संबंधों की इच्छा रखता है। इसके लिए विश्वास के साथ आतंक और शत्रुता से रहित वातावरण अनिवार्य है।