उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा में नियंत्रण रेखा के पास रविवार को सुरक्षाबलों ने एक बार फिर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया है। सुरक्षाबलों ने घुसपैठ को मार गिराया है। उसके पास से हथियार और अन्य सामान भी बरामद किया गया है।
मामले को लेकर कश्मीर जोन पुलिस ने बताया कि सेना और कुपवाड़ा पुलिस ने संयुक्त अभियान में तंगधार सेक्टर के अमरोही इलाके में एलओसी पर एक आतंकवादी को ढेर किया है। उसके पास से आपत्तिजनक सामग्री, हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है। मौके पर तलाशी अभियान जारी है।
उधर, जम्मू संभाग के जिला राजोरी के बरियामा इलाके में मुठभेड़ चल रही है। अब तक एक आतंकी को ढेर कर दिया गया है। भारतीय सेना ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। मुठभेड़ में भारतीय सेना के पैरा कमांडो भी शामिल हैं।
सेना ने तंगधार में एक अन्य घुसपैठिया पकड़ा
वहीं, कुपवाड़ा जिले के तंगधार सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास सेना की जेएके राइफल ने सीमा पार से आए अन्य घुसपैठिये को पकड़ा है। अधिकारी ने बताया कि घुसपैठिये को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।