अनंतनाग पुलिस ने नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटांसेज (एनडीपीएस) एक्ट, 1985 के तहत 1.6 करोड़ की संपत्तियां जब्त की हैं। पुलिस स्टेशन अश्मुकाम ने हपतनार अश्मुकाम निवासी मुश्ताक अहमद आहंगर, पुत्र मोहम्मद सादिक आहंगर की संपत्तियों को जब्त और फ्रीज़ किया। जब्त की गई संपत्तियों में एक दो मंजिला इमारत और एक दुकान शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 1.3 करोड़ आंकी गई है। मुश्ताक अहमद आहंगर नशे से संबंधित अपराधों में था ।
इसके अलावा पुलिस स्टेशन अनंतनाग ने सदोरा स्थित बशीर अहमद मीर, पुत्र अब्दुल खालिक मीर की संपत्तियों को जब्त किया। बशीर अहमद मीर एक आदतन अपराधी है, जो कई नशे के मामलों में शामिल रहा है। उसकी जब्त की गई संपत्तियों में एक दोमंजिला घर और छह दुकानें शामिल हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग 30 लाख है।
यह कार्रवाई अनंतनाग पुलिस की नशे के खिलाफ रणनीति को रेखांकित करती है, जिसमें न केवल अपराधियों को दंडित किया जा रहा है, बल्कि अवैध गतिविधियों से अर्जित संपत्तियों को भी निशाना बनाया जा रहा है। यह संदेश भी दिया जा रहा है कि नशे का व्यापार केवल सजा नहीं पाएगा बल्कि इसकी आर्थिक नींव को भी व्यवस्थित रूप से नष्ट किया जाएगा।