संवाद न्यूज एजेंसी
कारगिल। सीमा सड़क संगठन के प्रोजेक्ट विजयक ने रविवार को सापी ला दर्रे तक बाइक रैली निकाल कर 16वें स्थापना दिवस समारोह की शुरुआत की। 51 प्रतिभागियों वाली इस रैली को सेवानिवृत्त कर्नल वीके ओबेरॉय ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
ब्रिगेडियर राहुल ओबेरॉय ने बताया कि कारगिल युद्ध समीक्षा समिति की सिफारिशों के बाद 21 सितंबर 2010 को प्रोजेक्ट विजयक की स्थापना की गई थी। इसका उद्देश्य लद्दाख में, विशेष रूप से अग्रिम क्षेत्रों और चौकियों तक संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाना था। उन्होंने कहा कि प्रोजेक्ट विजयक ने सड़कों को चौड़ा और उन्नत करने, नई सड़कों के निर्माण तथा सुरंग परियोजनाओं के माध्यम से क्षेत्र के सड़क बुनियादी ढांचे को मजबूत करने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। हर वर्ष आयोजित होने वाली यह बाइक रैली हिमालयी क्षेत्र में महत्वपूर्ण सड़क बुनियादी ढांचे के निर्माण और राष्ट्र सेवा के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए आयोजित की जाती है। इस वर्ष रैली ने लगभग 54 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रोजेक्ट विजयक की अनुरक्षित महत्वपूर्ण सापी ला दर्रे तक यात्रा की। 14,337 फीट की ऊंचाई पर दर्रे में डिप्टी जीओसी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद राष्ट्रगान और देश के शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। प्रोजेक्ट विजयक का 16वां स्थापना दिवस समारोह 21 सितंबर को आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर आठवीं माउंटेन डिवीजन के डिप्टी जीओसी ब्रिगेडियर सरित प्रकाश और प्रोजेक्ट विजयक के मुख्य अभियंता ब्रिगेडियर राहुल ओबेरॉय सहित सेना और बीआरओ के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।