कठुआ। हीरानगर सब डिवीजन के गांव सल्लन में चोरों ने एक दुकान को निशाना बनाते हुए नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। हैरानी की बात यह है कि जिस दुकान में चोरी हुई, उसके ठीक सामने अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर पुलिस का नाका भी लगा हुआ है।
जानकारी के अनुसार, चोर बुधवार देर रात दुकान का ताला तोड़कर ड्राई फ्रूट, घी, तेल सहित नकदी ले गए। वीरवार सुबह जब दुकानदार रंजू पहुंचा तो उसने सामान बिखरा हुआ मिला। दुकानदार ने पुलिस से आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में इससे पहले भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिससे लोगों में चिंता बढ़ रही है। उन्होंने पुलिस से इलाके में निगरानी बढ़ाने और चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि फिलहाल कोई शिकायत दर्ज नहीं की गई है। संवाद