सामान्य प्रशासन विभाग के फैसले पर पुनर्विचार की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर विधानसभा सचिवालय के कर्मचारियों ने गुरुवार को सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से जारी एक डेपुटेशन आदेश के खिलाफ विधानसभा परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने जेकेएएस अधिकारी बिलाल अहमद मीर को विधानसभा में उप सचिव पद पर तैनात किए जाने के फैसले का विरोध किया।
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि यह डेपुटेशन आदेश विधानसभा सचिवालय के तय नियमों और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के विपरीत है। कर्मचारियों ने सक्षम अधिकारियों से इस पूरे मामले की समीक्षा करने और विधानसभा स्टाफ के हितों को ध्यान में रखते हुए इस आदेश को तुरंत वापस लेने की मांग की है। उल्लेखनीय है कि सरकार ने एक दिन पहले ही बिलाल अहमद मीर (जेकेएएस) का तत्काल प्रभाव से तबादला करते हुए उन्हें विधानसभा सचिवालय में उप सचिव के पद पर तैनात करने का आदेश जारी किया था। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने स्पष्ट किया है कि जब तक इस फैसले पर पुनर्विचार नहीं किया जाता, तब तक वे अपनी मांगों को लेकर आवाज उठाते रहेंगे।