श्रीनगर। स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह को भव्य और निर्विघ्न संपन्न कराने के लिए कश्मीर के मंडलायुक्त अंशुल गर्ग ने मंगलवार को श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक बख्शी स्टेडियम का दौरा किया। उन्होंने तैयारियों का निरीक्षण कर अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने स्टेडियम में दर्शकों और विशिष्ट अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, लाउडस्पीकर, स्टैंड्स पर वाटर-प्रूफ शेड और राष्ट्रगीत व राष्ट्रगान के दौरान प्रोटोकॉल के पालन जैसी महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि स्कूलों, कॉलेजों और स्पोर्ट्स काउंसिल की टुकड़ियों की पूरी तैयारी और परेड में उनका उत्साहजनक हिस्सा लेना सुनिश्चित किया जाए।
मौसम के मिजाज और बारिश की संभावना को देखते हुए मंडलायुक्त ने श्रीनगर नगर निगम के आयुक्त को स्टेडियम में जल निकासी की पुख्ता व्यवस्था करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम की भव्यता बढ़ाने के लिए उन्होंने मंच की सुंदर फूलों से सजावट करने और स्टेडियम में लगाई गई सभी सात बड़ी एलईडी स्क्रीन को पूरी तरह चालू रखने के आदेश दिए, ताकि दर्शक दूर से भी पूरे कार्यक्रम का सीधा प्रसारण देख सकें। इस निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त के साथ श्रीनगर के जिला उपायुक्त अक्षय लाब्रू, एसएमसी आयुक्त, अतिरिक्त उपायुक्त, सूचना विभाग के संयुक्त निदेशक सहित लोक निर्माण, जल शक्ति, स्कूली शिक्षा, उच्च शिक्षा, बिजली विभाग और अग्फानिशमन और आपातकालीन सेवा विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। इसके अलावा कश्मीर जोन के आईजीपी वीके बिरदी और पुलिस व सुरक्षाबलों के कई वरिष्ठ अधिकारियों ने भी सुरक्षा और व्यवस्थाओं का खाका साझा किया।