अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। शहर के बाहरी इलाके निशात के ऊपरी हिस्सों में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने के आरोप में पुलिस ने दिल्ली की एक प्रोडक्शन कंपनी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, ''टी3एस एंटरटेनमेंट प्राइवेट लिमिटेड'' ने जिला मजिस्ट्रेट श्रीनगर की ओर से जारी आदेशों का उल्लंघन किया। पुलिस से मंजूरी लिए बिना ही कथित तौर पर ड्रोन का इस्तेमाल किया।
सूत्रों ने आगे बताया कि यह ड्रोन फिल्म की शूटिंग के सिलसिले में उड़ाया जा रहा था। निरीक्षण के दौरान पुलिस ने पाया कि प्रोडक्शन मैनेजर आदेशों का कथित रूप से उल्लंघन करते हुए ड्रोन उड़ा रहा था। घटना के संज्ञान में आने के बाद, निशात पुलिस स्टेशन ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 223 के तहत प्राथमिकी संख्या 60/2026 दर्ज कर ली है।