श्रीनगर। सूफी संत हजरत शेख नूरुद्दीन नूरानी के वार्षिक उर्स-ए-मुबारक के अवसर पर चरार-ए-शरीफ में अकीदतमंदों की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शुक्रवार को जम्मू कश्मीर पुलिस के कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक सुजीत कुमार ने दरगाह परिसर का दौरा कर सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की।
पत्रकारों से बात करते हुए आईजीपी ने कहा कि उर्स के शांतिपूर्ण आयोजन और अकीदतमंदों की सुविधा के लिए पुलिस, सीआरपीएफ और नागरिक प्रशासन पूरी तरह से तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि दरगाह पर पहुंचने वाले जायरीनों की सहूलियत के लिए एम्बुलेंस सेवाओं, स्वास्थ्य विभाग और अग्निशमन व आपातकालीन सेवाओं को भी अलर्ट पर रखा गया है। आईजीपी ने दरगाह पर नतमस्तक होकर केंद्र शासित प्रदेश में शांति, सौहार्द और समृद्धि की दुआ मांगी। उन्होंने उर्स की व्यवस्थाओं में दिन-रात जुटे सुरक्षाबलों और प्रशासनिक टीमों के प्रयासों की सराहना की। संवाद