संवाद न्यूज एजेंसी
श्रीनगर। शहरी बुनियादी ढांचे को मजबूत बनाने और सार्वजनिक स्वच्छता में सुधार के उद्देश्य से जम्मू-कश्मीर सरकार ने एक ठोस कदम उठाया है। सरकार ने श्रीनगर के अहमद नगर, पंडाच और आसपास के क्षेत्रों के लिए 19.61 करोड़ की व्यापक सीवरेज परियोजना को मंजूरी दे दी है।
इस परियोजना के तहत अहमद नगर, पंडाच, इलाही बाग, 90 फीट रोड के दाहिने हिस्से, रंगपोरा ज़ाकुरा और गुलाब बाग में आधुनिक सीवरेज नेटवर्क विकसित किया जाएगा।
सरकार के अनुसार, इस परियोजना का उद्देश्य सीवरेज व्यवस्था को मजबूत करना, स्वच्छता में सुधार लाना और इन प्रमुख इलाकों में अपशिष्ट जल (वेस्टवॉटर) के प्रभावी प्रबंधन को सुनिश्चित करना है। इस परियोजना के पूरा होने से हजारों लोगों को बेहतर सीवरेज सुविधा मिलेगी, जिससे जलभराव, गंदगी और प्रदूषण जैसी समस्याओं में कमी आने की उम्मीद है।