- गांदरबल के कमरिया स्टेडियम में खेला गया ग्रैंड फिनाले
संवाद न्यूज एजेंसी
गांदरबल। पुलिस के सिविक एक्शन प्रोग्राम के तहत आयोजित ग्रैंड नॉकआउट टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य फिनाले के साथ समापन किया। टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला कमरिया स्टेडियम गांदरबल में खेला गया। फाइनल मुकाबला लायंस गांदरबल और वैली स्टार ग्रीन्स के बीच खेला गया। लायंस गांदरबल ने 89 रनों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। समापन समारोह की अध्यक्षता एसएसपी सुधांशु धामा ने की।
खेल भावना, अनुशासन, टीम वर्क और युवाओं के साथ सकारात्मक जुड़ाव को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इस टूर्नामेंट में जिलेभर की 64 टीमों ने उत्साह के साथ भाग लिया। अधिकारियों ने विजेता और उपविजेता टीमों को बधाई दी। समारोह के अंत में विजेता और उपविजेता टीमों के साथ-साथ मैन ऑफ द टूर्नामेंट और मैन ऑफ द मैच को नकद इनाम, ट्रॉफी और प्रशंसा प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट का सफल आयोजन खेल के माध्यम से पुलिस-जन संबंधों को मजबूत करने, युवाओं को जोड़ने और सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए गांदरबल पुलिस के निरंतर प्रयासों को दर्शाता है।