शोपियां के पीएचसी में लगी आग। संवाद
- दो मंजिला इमारत और सामान जले, कोई हताहत नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
श्रीनगर। दक्षिणी कश्मीर के शोपियां जिले के हरमीन इलाके में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की दो मंजिला इमारत में भीषण आग लग गई। इस हादसे में अस्पताल भवन और अंदर रखा जरूरी चिकित्सा सामान जल गया। समय रहते बचाव कार्य शुरू होने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवा की बेही बाग, कुलगाम स्थित इकाई तुरंत हरकत में आई। दमकल कर्मियों का दस्ता आवश्यक उपकरणों के साथ सुबह सात बजे मौके पर पहुंचा। आग की लपटें इमारत की दोनों मंजिलों को अपनी चपेट में ले चुकी थीं। दमकल विभाग की टीम ने स्थानीय नागरिकों और पुलिसकर्मियों के सहयोग से आग बुझाने का मोर्चा संभाला। काफी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया और उसे आसपास की अन्य इमारतों तक फैलने से रोक दिया। आग लगने की वजह से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की इमारत के बड़े हिस्से के साथ-साथ वहां मौजूद चिकित्सा उपकरण, फर्नीचर और दवाइयों को भारी नुकसान पहुंचा है। अग्निशमन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, हादसे में कोई भी व्यक्ति झुलसा या घायल नहीं हुआ है। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आग लगने के स्पष्ट कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। आशंका जताई जा रही है कि आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी हो सकती है। पुलिस ने घटना का संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज कर लिया है और आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच शुरू कर दी है।
शोपियां के पीएचसी में लगी आग। संवाद