जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को श्रीनगर में प्रशासनिक सचिवों के साथ बैठक कर विभिन्न विभागों के कामकाज की समीक्षा की और विभागों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया।
विज्ञापन
दरबार मूव के तहत सिविल सचिवालय के श्रीनगर में दोबारा खुलने के तुरंत बाद मुख्यमंत्री ने कई कार्यालयों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मंत्रियों के कक्ष, अधिकारियों के कमरे, क्लेरिकल हॉल और नवनिर्मित पब्लिक वेटिंग एरिया का दौरा किया और कर्मचारियों व आम लोगों से बातचीत भी की। उन्होंने आश्वासन दिया कि सार्वजनिक सेवाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुविधाओं में लगातार सुधार किया जाएगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने प्रशासनिक सचिवों की बैठक की अध्यक्षता की, जिसमें उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और मुख्यमंत्री के सलाहकार भी मौजूद रहे।
बैठक में उमर अब्दुल्ला ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समय पर पूरे किए जाएं और जमीनी स्तर पर सरकार के फैसलों का प्रभावी ढंग से पालन हो। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर तालमेल की जरूरत पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने एस्टेट विभाग को निर्देश दिए कि कर्मचारियों के लिए आवासीय सुविधाएं और कार्यालयों के सुचारू संचालन की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि प्रशासनिक कामकाज में किसी तरह की बाधा न आए।