केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने मंगलवार को लगातार दूसरे दिन जम्मू-कश्मीर की सुरक्षा और विकास एजेंडे पर महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान शांति और विकास से पर्यटन क्षमता बढ़ाने पर मंथन किया गया। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर इंटरनेशनल कॉन्फ्रेंस सेंटर (एसकेआईसीसी) में गृह सचिव ने प्रदेश के मुख्य सचिव अटल डुल्लू व अन्य प्रशासनिक अफसरों, सुरक्षा बलों और नागरिक प्रशासन के शीर्ष अधिकारियों के साथ दोपहर बैठक की।
बैठक में केंद्र प्रायोजित प्रमुख योजनाओं, बुनियादी ढांचा विकास परियोजनाओं और रोजगार पहलों की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में मौजूद एक अधिकारी ने बताया कि बैठक का मुख्य फोकस इस बात पर था कि केंद्र प्रायोजित योजनाओं का सीधा लाभ जम्मू-कश्मीर के लोगों को मिले और क्षेत्र के समग्र विकास और स्थिरता में योगदान दें।सुरक्षा एजेंसियों को संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का निर्देश
एक दिन पहले सोमवार को सुरक्षा अधिकारियों के साथ हुई बैठक में गृह सचिव ने सुरक्षा एजेंसियों से आतंक के खिलाफ लड़ाई में एक संतुलित दृष्टिकोण अपनाने का आग्रह किया गया था। उन्होंने कहा, आतंकवाद मुक्त जम्मू-कश्मीर के लिए एक समग्र रणनीति आवश्यक है।