बारामुला में रोहित रैना की शिकायत के आधार पर यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राकेश हंडू के रूप में हुई है जो कश्मीरी पंडित है। उस पर आरोप है कि उसने आतंकी संगठनों की ओर से कश्मीरी पंडित कर्मचारियों को दी गई धमकियों के संदेशों में बदलाव किया और उन्हें बार-बार प्रसारित किया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 66एफ और 84सी के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने जांच के लिए उसके दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। साथ ही, उसके सोशल मीडिया खातों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई गई है। आरोपी ने आतंकी संगठन की एक पोस्ट में बदलाव कर रोहित रैना को धमकी का निशाना बताने की कोशिश की थी।
इस साल अगस्त और सितंबर में लश्कर-ए-ताइबा के संगठन यूनाइटेड लिबरेशन काउंसिल की ओर से सोशल मीडिया पर कई धमकी भरे संदेश पोस्ट किए गए थे। इन संदेशों में घाटी में कार्यरत कश्मीरी पंडित कर्मचारियों से नौकरी छोड़कर वहां से चले जाने को कहा गया था। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।