श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख हाईकोर्ट ने जेएंडके बैंक में एक महिला के बैंक खाते को अनफ्रीज करने की मांग वाली याचिका याचिका को विचारणीय न मानते हुए खारिज कर दिया है।
अदालत ने स्पष्ट किया कि जिन कानून प्रवर्तन एजेंसियों के निर्देश पर खाता फ्रीज किया गया था, वे इस कार्यवाही में आवश्यक पक्षकार हैं और उनकी अनुपस्थिति में मामले का निपटारा नहीं किया जा सकता। जस्टिस संजय धर की पीठ ने सुरैया नामक महिला द्वारा दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए यह टिप्पणी की। याचिकाकर्ता ने श्रीनगर की लसजन शाखा स्थित अपने व्यक्तिगत बचत खाते को फिर से चालू करने के लिए जेएंडके बैंक के अधिकारियों को निर्देश देने की गुहार लगाई थी।
महिला ने अदालत को बताया कि जब वह पैसे निकालने गई तो उसे खाता फ्रीज होने का पता चला। बैंक से संपर्क करने पर पता चला कि राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल के माध्यम से कानून प्रवर्तन एजेंसी से प्राप्त सूचना के आधार पर बैंक के ट्रांजेक्शन मॉनिटरिंग सेल ने खाते को डेबिट-फ्रीज कर दिया है और उस पर 11,500 रुपये का लियन भी लगाया गया है।