गढ़वाल विवि के वार्षिकोत्सव की तिथि तय कर दी गई है। हालांकि छात्र संघ अध्यक्ष ने इस पर एतराज जताया है। तय तिथि के अनुसार 27 फरवरी से 3 मार्च तक वार्षिकोत्सव का आयोजन होगा।
सोमवार को गढ़वाल विवि के डीएसडब्लू बोर्ड की बैठक में 27 फरवरी से तीन मार्च तक वार्षिकोत्सव आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। डीएसडब्ल्यू प्रो. जेपी पचौरी ने कहा 27 व 28 फरवरी को बिड़ला परिसर की अंतर संकाय सांस्कृतिक व शैक्षणिक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जबकि 1 से 3 मार्च तक गढ़वाल विवि से संबद्ध महाविद्यालयों की अंतर महाविद्यालयी शैक्षणिक व सांस्कृतिक प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। वहीं छात्र संघ अध्यक्ष अंकुर रावत ने अपनी गैर मौजूदगी में तिथि नियत करने पर रोष जताया है। कहा कि वह इस संबंध में बोर्ड से वार्ता करेंगे।
छात्रसंघ व डीएसडब्ल्यू बोर्ड ही पूरे वार्षिकोत्सव कार्यक्रम की रूपरेखा तय करता है। हालांकि बैठक में छात्रसंघ सहसचिव कुसुम पांडे व कार्यकारिणी सदस्य प्रवीण सिंह ही मौजूद थे। वहीं बोर्ड का कहना है कि बैठक की जानकारी छात्रों को दी गई थी। बावजूद वह नहीं पहुंचे। बैठक में चीफ प्राक्टर प्रो. एचबीएस चौहान, डिप्टी डीएसडब्ल्यू प्रो. सुरेखा डंगवाल, डा. एसपी सती आदि मौजूद थे।
................
मुझे फोन पर बैठक के बारे में बताया गया था, लेकिन किस संबंध में बैठक है यह स्पष्ट नहीं किया गया। मैं शहर से बाहर था। इस संबंध में डीएसडब्ल्यू बोर्ड से वार्ता की जाएगी।
अंकुर रावत, छात्र संघ अध्यक्ष
बैठक सभी छात्र संघ पदाधिकारियों की सहमति पर ही आयोजित की गई थी। बैठक की सूचना भी सभी छात्रसंघ पदाधिकारियों को दी गई थी। बावजूद इसके कुछ पदाधिकारी बैठक में नहीं पहुंचे।
जेपी पचौरी, डीएसडब्ल्यू बोर्ड