ऊर्जा निगम की लापरवाही से उपभोक्ताओं को भेजे जा रहे बिजली के भारी भरकम बिल की धनराशि से उपभोक्ता परेशान हैं। निगम ने भडोली गांव के एक उपभोक्ता को लगभग 10 लाख रुपये का बिल भेज दिया। विद्युत बिलों मे गड़बड़ी से नाराज उपभोक्ता आज ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव करेंगे।
विकास खंड देवप्रयाग के भडोली गांव के नरेंद्र सिंह को ऊर्जा निगम ने 9 लाख 94 हजार रुपये का विद्युत बिल भेजा है। इसके अलावा क्षेत्र के अन्य ग्रामीणों पर भी अधिक बिल थोपे गए है। क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता गणेश भट्ट ने बताया कि जब से विद्युत मीटर रीडिंग का काम ठेकेदार के लोगों से करवाया जा रहा है तब से यह समस्या पैदा हो रही है। बिजली के अधिक बिल आने से क्षेत्र के लोग परेशान परेशान है। इस संबंध में ग्रामीण ऊर्जा निगम के अधिशासी अभियंता कार्यालय का घेराव करेंगे।