शोपियां जिले के इमामसाहिब इलाके के बसकुचन गांव में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में लश्कर-ए-ताइबा के एक आतंकी को मार गिराया। उसके पास से एक एके 47 राइफल, विस्फोटक सामग्री व आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है। मारे गए आतंकी की पहचान बसकुचन के नौपोरा इलाके के नसीर अहमद भट के रूप में हुई है।
कश्मीर जोन पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर पर एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार के हवाले से बताया कि मारा गया आतंकी कई अपराधों में शामिल था और हाल ही में एक मुठभेड़ के दौरान भाग निकला था। वह आतंकवाद से जुड़े अपराधों में शामिल था।
शोपियां में सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि इलाके में कुछ अतंकवादी छिपे हुए हैं। इसके बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर कर घर-घर तलाशी अभियन शुरू किया। इस दौरान एक घर में छिपे आतंकी ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग कर दी और जवाबी कार्रवाई में मारा गया।
दक्षिण कश्मीर में इस महीने आठ आतंकी ढेर
एडीजीपी कश्मीर विजय कुमार के अनुसार, दक्षिण कश्मीर में इस महीने हुई छह मुठभेड़ में आठ आतंकी मारे गए हैं। इस साल अब तक 153 दहशतगर्द मारे जा चुके हैं, जिसमें 35 पाकिस्तानी थे। इन मुठभेड़ों में जैश-ए-मोहम्मद तथा लश्कर-ए-ताइबा को ज्यादा नुकसान पहुंचा है।