मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा के साथ सीईसी कारगिल की अहम बैठक हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
कारगिल। लद्दाख स्वायत्त पहाड़ी विकास परिषद कारगिल के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद जाफर अखून ने प्रदेश के मुख्य सचिव आशीष कुंद्रा के साथ बैठक में कारगिल के सर्वांगीण विकास, प्रशासनिक सुधारों और जनहित से जुड़े गंभीर मुद्दों पर चर्चा की गई।
डॉ. अखून ने कारगिल के उपायुक्त को पांच करोड़ रुपये तक की प्रशासनिक एवं तकनीकी स्वीकृति देने की शक्ति प्रदान करने की मांग की। बाढ़ नियंत्रण कार्यों की 1.38 करोड़ रुपये की देनदारियों के निपटारे और बर्फ हटाने के कार्यों के समन्वय पर जोर दिया। शीतकाल में कनेक्टिविटी की समस्या को देखते हुए हवाई सेवाओं और एएन-32 कूरियर सेवा के नियमित संचालन की जरूरत भी बताई।
कारगिल में 200 बिस्तरों वाले अस्पताल का निर्माण, नर्सिंग कॉलेज और मिनी एम्स की स्थापना के साथ कार्डियोलॉजिस्ट जैसे सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की तैनाती की मांग की गई। आइस हॉकी और अन्य खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेलो इंडिया के तहत उत्कृष्टता केंद्र खोलने का प्रस्ताव भी रखा।
उन्होंने जोजिला दर्रे को फरवरी के अंत तक खुला रखने की जरूरत बताई। लद्दाख भवन (कारगिल विंग) के निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये जारी करने का अनुरोध किया। इसमें प्रथम चरण में 2.50 करोड़ तथा सीवरेज और जल आपूर्ति कनेक्शन के लिए अतिरिक्त 35 लाख रुपये जारी करने का प्रस्ताव रखा गया।