सार
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने लेह, लद्दाख में बीआरओ द्वारा विकसित सीमा परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि सरकार सीमा क्षेत्रों के समग्र विकास और कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने श्योक सुरंग समेत अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को सुरक्षा, पर्यटन, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को लेह, लद्दाख में बॉर्डर रोड्स ऑर्गनाइजेशन (बीआरओ) द्वारा निर्मित परियोजनाओं का उद्घाटन करते हुए कहा कि केंद्र सरकार सीमा क्षेत्रों के समग्र विकास के प्रति प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि सरकार की लगातार कोशिश है कि लद्दाख सहित सभी सीमा क्षेत्रों में संचार और कनेक्टिविटी मजबूत हो।
हम पूरी तत्परता और उत्साह के साथ सीमा क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए काम कर रहे हैं। हमारी सरकार, हमारी सशस्त्र सेनाएं और बीआरओ जैसी संस्थाएं जनता के साथ मजबूती से जुड़ी हुई हैं।
राजनाथ सिंह ने बीआरओ की कार्यक्षमता की भी प्रशंसा की और कहा कि सीमा क्षेत्रों में बनाए गए सड़क, पुल और सुरंगें केवल कनेक्टिविटी के साधन नहीं, बल्कि सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, आपदा प्रबंधन और सैनिकों की गतिशीलता के लिए जीवनरेखा हैं। उन्होंने श्योक सुरंग का उदाहरण देते हुए इसे सीमा सुरक्षा और क्षेत्रीय विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।
साथ ही, उन्होंने यह भी बताया कि ये परियोजनाएं सैन्य संचालन, पर्यटन विकास, रोजगार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देंगी।