फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आतंकियों की चेतावनी पर भी भाजयुमो कार्यकर्ताओं के जनाजे में उमड़ी भीड़

विज्ञापन
विज्ञापन
कुलगाम। आतंकी हमले में मारे गए भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला महासचिव फिदा हुसैन व दो अन्य कार्यकर्ताओं उमर रशीद और उमर रमजान को शुक्रवार को सम्मान के साथ सुपुर्दे खाक कर दिया गया। आतंकियों की चेतावनी के बावजूद तीनों के जनाजे में लोगों का हुजूम उमड़ा। इस दौरान हर आंख नम थीं। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने तीनों के घर जाकर परिवार वालों से सांत्वना व्यक्त की।
विज्ञापन

बता दें, कुलगाम में भाजयुमो जिला महासचिव फिदा हुसैन (निवासी वाईके पोरा) पार्टी के दो अन्य कार्यकर्ताओं उमर रमजान (निवासी वाईके पोरा) और उमर रशीद (सोपट) के साथ वीरवार रात कार में कहीं जा रहे थे। काजीगुंड इलाके के वाईके पोरा में आतंकियों ने उनकी कार पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इसमें तीनों गंभीर घायल हो गए थे। अस्पताल पहुंचाने पर तीनों को मृत लाया घोषित कर दिया गया। घटना के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेरकर तलाशी अभियान भी चलाया लेकिन आतंकियों का कोई सुराग नहीं लग पाया। बताया जा रहा है कि यह हमला टीआरएफ ने किया है।
मां बार-बार फिदा को पुकार रही थी
जब फिदा हुसैन का शव वाईके पोरा स्थित घर पहुंचा तो मां फूट-फूट कर रोने लगी। वह फिदा को पुकार रही थी। मेरा फिदा हुसैन कहां है, उसने क्या खता की थी जो उसे आतंकियों ने गोली का निशाना बनाया। यही हाल फिदा की बहनों का भी था। फिदा अपने पीछे एक बच्ची छोड़ गया है। उसकी 6 बहने हैं, इनमें से एक की शादी हो चुकी है। बहनें भी अपने भाई को पुकार रही थी। हमले में मारे गए तीनों कार्यकर्ता परिवार के इकलौते बेटे थे।
विज्ञापन

हमले की खबर सुनते ही दोस्त बेहोश हो गया
जनाजे में उमड़ी भीड़ में शामिल लोगों ने कहा कि फिदा एक साधारण व्यक्ति था। हर किसी के साथ उसका मेलजोल था। हर किसी की मदद करता था। इलाके के विकास के लिए भी सबसे आगे रहता था। फिदा के दोस्त ने कहा कि उसे हमले की खबर वीरवार रात को मिली, यह सुनकर वह बेहोश हो गया। दोस्त ने कहा कि हमले से कुछ समय पहले ही उसकी फिदा से बात हुई थी।
आतंकियों ने ये दी थी चेतावनी
आतंकियों ने पहले भी लोगों को राजनीतिक दलों खासकर भाजपा से दूरी बनाने की चेतावनी दी थी। चेताया था कि यदि लोग बाज नहीं आए तो उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस संबंध में कुछ स्थानों पर पोस्टर भी चस्पा किए गए थे। इसके बावजूद धमकी को दरकिनार करते हुए काफी संख्या में लोग तीनों के जनाजे में शामिल हुए और सम्मानपूर्वक विदाई दी।
पीठ पीछे हमला करना आतंकियों की कायरता : रैना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आतंकी हमले में मारे गए भाजयुमो कार्यकर्ताओं के घर जाकर शोक जताया
कुलगाम। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र रैना ने फिदा हुसैन व दो अन्य कार्यकताओं के घर जाकर शोक जताया और हर संभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बौखलाया हुआ है। ये आतंकियों की कायरता है, जो पीठ पीछे हमले कर रही है। आतंकियों को बख्शा नहीं जाएगा। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं के साथ चट्टान की तरह खड़ी है। इन हमलों से हमारा मनोबल कमजोर नहीं होगा। भाजपा अध्यक्ष ने खनाबल में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। इसमें पार्टी के उपाध्यक्ष सोफी यूसुफ के अलावा अन्य नेता भी मौजूद रहे। संवाद
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें