जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच ने पुलिस विभाग में नियुक्ति हासिल करने के लिए फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल करने के मामले की जांच के तहत शुक्रवार को एक कांस्टेबल के श्रीनगर स्थित आवास की तलाशी ली।
विज्ञापन
मामला सफाकदल निवासी चयन ग्रेड कांस्टेबल मंजूर अहमद नजर की नियुक्ति से जुड़ा है। आरोप है कि पुलिस विभाग में नियुक्ति पाने के लिए उनकी जन्मतिथि और शैक्षणिक योग्यता से संबंधित फर्जी दस्तावेज जमा किए गए थे।
इस मामले में रणबीर दंड संहिता (आरपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी), 468 (जालसाजी) और 471 (जाली दस्तावेज का इस्तेमाल) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
क्राइम ब्रांच के स्पेशल क्राइम विंग (कश्मीर) ने श्रीनगर की स्पेशल मोबाइल मजिस्ट्रेट अदालत से जारी सर्च वारंट के आधार पर यह तलाशी अभियान चलाया। अधिकारी ने बताया कि तलाशी कानूनी प्रक्रिया के तहत की गई है। जांच आगे बढ़ने के साथ मामले से जुड़ी अन्य जानकारी साझा की जाएगी।