श्रीनगर। कश्मीर घाटी में शनिवार देर रात से शुरू हुई बर्फबारी घाटी के लोगों के लिए मुसीबत बन गई है। लोगों के मुताबिक प्रशासन सोशल मीडिया पर भले ही बड़े-बड़े दावे कर रहा है लेकिन जमीनी हकीकत बिलकुल उसके विपरीत है। कई इलाकों से बर्फ साफ नहीं की गई और कई जगह बिजली ही नहीं है। लोग काफी परेशानी झेल रहे हैं।
श्रीनगर शहर की मुख्य सड़कों को छोड़कर सभी गलियां आदि अभी भी बर्फ की एक मोटी परत से ढकी पड़ी हैं जिसके चलते लोगों को वाहन निकालने में दिक्कत आ रही है। छानपोरा इलाके के मीर इरफान ने बताया कि अगर अंदरूनी सड़कें साफ नहीं होंगी तो मुख्य सड़कें साफ करने का क्या फायदा। गाड़ियां अंदरूनी इलाकों से ही मुख्य सड़कों तक पहुंचेंगी। खुदा न करे कि अगर रात में कोई बीमार पड़ गया तो उसे मुख्य सड़क तक पैदल ले जाना पड़ेगा, क्योंकि अंदरूनी सड़कों पर करीब एक फुट से ज्यादा बर्फ जमा है। कोई भी क्लीयरेंस मशीन यहां नहीं आई। ऐसा ही हाल अधिकतर इलाकों का है। श्रीनगर के राजबाग, पीरबाग, जवाहर नगर, लाल चौक, हब्बाकदल, बोहरी कदल में तो कई घंटो से बिजली ही नहीं है। लोगों का कहना है कि यह हाल शहर का है तो ग्रामीण इलाकों का क्या हाल होगा।