चुनाव आयोग का कार्यालय। फाइल फोटो।
बडगाम उपचुनाव में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीदवार आगा मुनताजिर मेहदी को चुनाव आयोग ने देर रात प्रचार करने के आरोप में शो-कॉज नोटिस जारी किया है। आयोग का कहना है कि मेहदी ने विधानसभा क्षेत्र में मॉडल कोड ऑफ कंडक्ट का उल्लंघन करते हुए अनुमति के बिना रैलियां और जनसभाएं आयोजित की।
चुनाव आयोग के नोटिस में कहा गया है कि 1 और 3 नवंबर की रात मेहदी द्वारा आयोजित रैलियों और जुलूसों की कई शिकायतें मिली हैं। फ्लाइंग स्क्वॉड टीम के मजिस्ट्रेटों ने भी रिपोर्ट में पुष्टि बिना अनुमति के राजनीतिक गतिविधियां आयोजित की गई थीं। सोशल मीडिया पर इन रैलियों और सभाओं के वीडियो भी साझा किए गए, जो उल्लंघन का प्राथमिक प्रमाण हैं।
नोडल अधिकारी ने मेहदी को 24 घंटे में लिखित जवाब देने को कहा है और चेतावनी दी है कि एमसीसी के किसी भी आगे के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा सकती है।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए मेहदी ने कहा कि यह कोई जानबूझकर उल्लंघन नहीं था। यह आयोजन किसी योजनाबद्ध चुनावी कार्यक्रम के रूप में नहीं बल्कि स्थानीय ग्रामीणों की अविरल सभा के रूप में हुआ। लोग उन्हें रास्ते में रोककर परिवार के प्रति अपनी भावनाओं और श्रद्धा को व्यक्त कर रहे थे।
मेहदी ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी प्रकार का चुनावी लाभ उठाना नहीं था और भविष्य में सभी सामुदायिक संवादों के लिए वे आयोग से पूर्व अनुमति लेने की सुनिश्चित करेंगे।