सीमा सड़क संगठन (बीआरओ)/प्रोजेक्ट बीकन द्वारा दक्षिण कश्मीर के अनंतनाग जिले के वेरीनाग स्थित 760 बीआरटीएफ के कैम्पस में, 'राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस' के अवसर पर जिला चिकित्सालय अनंतनाग और जय कृष्ण लाल मेमोरियल ट्रस्ट,वाराणसी के सहयोग से रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
बीआरओ के एक अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि इस शिविर में 30 स्थानीय नागरिकों सहित कुल 105 लोगों ने रक्तदान किया। उन्होंने बताया कि बीआरओ टॉस्क फोर्स के कमांडर, सुनील श्रीवास्तव ने सबसे पहले रक्तदान कर के रक्तदान शिविर का उदघाटन किया।
इस अवसर पर बात करते हुए कमांडर सुनील श्रीवास्तव ने बताया कि सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) न केवल राष्ट्रीय राजमार्गों के चौड़ीकरण सुधार का कार्य कर रहा है, बल्कि दूर-दराज के गावों को जोड़ने वाली सड़कें बनाकर स्थानीय लोगों के सामाजिक-आर्थिक विकास और सैन्य क्षमता को बढ़ाने में अपना सक्रिय योगदान कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस रक्तदान शिविर का मुख्य उद्देश्य, स्थानीय जनता को यह संदेश देना है कि बीआरओ न केवल स्थानीय लोगों के सामाजिक आर्थिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है, बल्कि स्थानीय समाज के प्रति अपनी सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारियों के लिए भी समर्पित है।
गौरतलब है कि रक्तदान शिविर का समापन करते हुए उन्होंने इस शिविर के सफल आयोजन के लिए जिला चिकित्सालय, अनंतनाग के चिकित्सकों, पैरा-मेडिकल स्टॉफ, स्थानीय लोगों और अपने विभाग के लोगों का धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि किसी की जान लेकर खून बहाने की बजाय, हमें खून देकर किसी की जान बचाने का प्रयास करना चाहिए जो एक बहुत नेक और पुण्य का कार्य है। अंत में उन्होंने भविष्य में भी इस तरह के रक्तदान शिविर का आयोजन कर के, स्थानीय लोगों की जान बचाने में सहयोग का वादा किया।