कश्मीर घाटी के डल झील इलाके में शनिवार तड़के ब्रिटिश युवती की हत्या ने तीन दशक पूर्व इसी देश की युवती के कश्मीर वादी से लापता होने की याद को ताजा कर दिया है।
कश्मीर के पर्यटक स्थल सोनामर्ग से करीब 32 साल पूर्व लापता हुई 19 वर्षीय युवती ऐलीसन का अभी तक कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सोनामर्ग के एक स्थानीय होटल में ठहरी ऐलिसन 17 अगस्त 1981 को अपने होटल से सुबह सैर के लिए निकली और 32 साल बीत जाने के बाद भी वो वापिस नहीं लौटी है।
घटना का दिलचस्प पहलू यह है कि लापता बेटी को ढूंढने के लिए उसके मां-बाप कई बार घाटी के जंगलों की खाक छानने आए। लेकिन हमेशा ही उदास मन से उनको वापिस अपने देश लौटना पड़ा।
डल झील में शनिवार को हुई ब्रिटिश महिला एलिजाबेथ की हत्या की गुत्थी को तो पुलिस ने घटना के चंद घंटों के बाद ही सुलझा लिया था, लेकिन ऐलिसन का पता लगाना अभी भी पुलिस के लिए सिरदर्द बना हुआ है।
एलिजाबेथ के शव को परिवार वालों को भेज दिया है। लेकिन एलिसन का शव नहीं मिला है। इस कारण मां बाप ने बेटी के जीवित लौट आने की आस अभी नहीं छोड़ी है।